बिजनौर जिले के चंदक क्षेत्र में जमीन विवाद का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। रविवार को भाकियू (अराजनैतिक) के बैनर तले चंदक स्थित मंडी समिति प्रांगण में एक बड़ी पंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों किसानों ने हिस्सा लिया। पंचायत में ग्राम खिरनी की जमीन से जुड़े विवाद को प्रमुखता से उठाया गया और निष्पक्ष प्रशासनिक जांच की मांग की गई।
पंचायत में भाकियू (अराजनैतिक) के उत्तर प्रदेश युवा अध्यक्ष चौधरी दिगंबर सिंह समेत किसान संगठनों के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। पंचायत में हजारों किसानों ने एकजुट होकर साफ कर दिया कि संविधान और कानून के हिसाब से ही जमीन का फैसला होगा।
चौधरी दिगंबर सिंह ने कहा कि अगर कोई विवाद है तो उसे प्रशासन और न्यायालय तय करेगा। जिसकी जमीन कागज में है, वही उसका असली हकदार है। कुछ लोग आज भी राजशाही के नशे में हैं और किसानों के हक पर डाका डालने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में उन्हें समझ लेना चाहिए कि यह लोकतंत्र है। यहां कानून से ऊपर कोई नहीं।
दिगंबर सिंह ने आरोप लगाया कि सत्ता के नशे में कुछ लोग किसानों की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर किसानों के साथ अन्याय हुआ तो वे चुप नहीं बैठेंगे और अंतिम सांस तक अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए, जिससे कानून और सरकार की साख बनी रहे।
पंचायत में मौजूद किसानों ने एक स्वर में कहा कि जमीन का फैसला केवल कानून और निष्पक्ष जांच के आधार पर ही होना चाहिए।




































