Connect with us

Hi, what are you looking for?

समाचार

बिजनौर में किसान महापंचायत, जमीन विवाद की निष्पक्ष जांच की मांग, दिगंबर सिंह ने दिखाई ताकत

बिजनौर के चंदक में जमीन विवाद को लेकर भाकियू (अराजनैतिक) की महापंचायत में हजारों किसानों ने भाग लिया। खिरनी गांव की जमीन के मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठी, जबकि किसान नेताओं ने कानून के आधार पर ही फैसला होने पर जोर दिया।

बिजनौर जिले के चंदक क्षेत्र में जमीन विवाद का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। रविवार को भाकियू (अराजनैतिक) के बैनर तले चंदक स्थित मंडी समिति प्रांगण में एक बड़ी पंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों किसानों ने हिस्सा लिया। पंचायत में ग्राम खिरनी की जमीन से जुड़े विवाद को प्रमुखता से उठाया गया और निष्पक्ष प्रशासनिक जांच की मांग की गई। इस दौरान पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह पर तीखे हमले किए गये।

पंचायत में भाकियू (अराजनैतिक) के उत्तर प्रदेश युवा अध्यक्ष चौधरी दिगंबर सिंह समेत किसान संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। हजारों किसानों ने एकजुट होकर साफ कर दिया कि संविधान और कानून के हिसाब से ही जमीन विवाद का फैसला होना चाहिए। 

चौधरी दिगंबर सिंह ने कहा कि अगर कोई विवाद है तो उसे प्रशासन और न्यायालय तय करेगा। जिसकी जमीन कागज में है, वही उसका असली हकदार है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग आज भी राजशाही के नशे में हैं और किसानों के हक पर डाका डालने का प्रयास कर रहे हैं। उन्हें समझ लेना चाहिए कि राजशाही के दिन गये, अब देश में लोकतंत्र है। कानून के हिसाब से देश चलता है।

दिगंबर सिंह ने आरोप लगाया कि सत्ता के नशे में कुछ लोग किसानों की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर किसानों के साथ अन्याय हुआ तो वे चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए, जिससे कानून और सरकार की साख बनी रहे।

पंचायत में मौजूद किसानों ने एक स्वर में कहा कि जमीन का फैसला केवल कानून और निष्पक्ष जांच के आधार पर ही होना चाहिए। जिलाध्यक्ष नितिन सिरोही ने भी पंचायत को सम्बोधित किया, अध्यक्षता सुरज प्रधान कबूलपुर और संचालन देवेंद्र भुइयार ने किया।


संबंधित पोस्ट